उत्तरकाशीः उत्तराखंड की सियासत में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दल-बदल का खेल चल रहा है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर सजवाण ने बयान दिया है। विजयपाल सजवाण ने अटकलों का खंडन करते हुए कहा कि, जब साल 2016 में उन्हें 10 करोड़ रुपये और मंत्री पद का ऑफर मिला था, तब उन्होंने कांग्रेस का दामन नहीं छोड़ा, तो अब क्यों छोड़ेंगे।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि, आज भाजपा में गंगोत्री विधानसभा सीट से दावेदारों की लंबी भीड़ लगी हुई है। स्थिति ये है कि आज भाजपा के पास गंगोत्री में कोई चेहरा नहीं रह गया है इसलिए कांग्रेस भारी बहुमत से जीत हासिल कर रही है। कांग्रेस छोड़ने की अटकलों पर सजवाण ने कहा कि, कांग्रेस ने उन्हें पहचान दी है, इसलिए कभी नहीं हो सकता कि वो कांग्रेस को छोड़ दें। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है, जो हर वर्ग के व्यक्ति को साथ लेकर चलती है।
बता दें कि, 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा के गोपाल सिंह रावत ने विजयपाल सजवाण को हराया था। हालांकि 22 अप्रैल 2021 को गोपाल सिंह रावत का निधन हो गया था, तब से गंगोत्री सीट रिक्त है।
वहीं गंगोत्री विधानसभा सीट से एक मिथ्या जुड़ा है कि, इस सीट पर जिस पार्टी का उम्मीदवार चुनाव जीतता है, उसकी ही पार्टी की प्रदेश में सरकार बनती है।