पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आज सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां हल्द्वानी-बेरीनाग मोटर मार्ग पर गोदीगाड़ मंदिर के पास बोलेरो 50 फीट खाई में गिर गई। हादसे के वक्त बोलेरो में 6 लोग सवार थे, जिनमें से 03 की मौत हो गई है, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, हल्द्वानी से थल की ओर सवारियों को लेकर आ रही एक जीप राईआगर बांसपटान के गोदीगाड़ के समीप शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे असंतुलित होकर खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने शवों के साथ घायल लोगों को आनन-फानन में रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान रश्मि चंद (22) पत्नी ब्रजेश चंद, गीता चंद (23) पत्नी सरयू हरीश चंद और प्रियंका चंद (20) निवासी लेजम कोली थाना थल के रूप में हुई है।
वहीं चालक अनिल कन्याल (27), चंदन सिंह सामंत पुत्र देव सिंह गौला कुड़ी निवासी तड़ीगांव थल और बृजेश चंद पुत्र भावेश चंद निवासी लेजम थाना थल घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग में उपचार किया जा रहा है। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि, सुबह हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम ने सभी को खाई से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थय केंद्र बेरीनाग में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतक तीनों महिलाएं आपस में जेठानी, देवरानी और साली है।