Uttarakhand News नैनीताल: देवभूमि उत्तराखंड के लिए बुरी खबर है। सैनिकभूमि ने आज अपने एक और लाल को खो दिया है। गढ़वाल राइफल रेजिमेंट में तैनात जवान अखिल नेगी ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। शहीद के पार्थिव शरीर को आज सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवान की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया। 23 साल का शहीद जवान अभी अविवाहित था।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जिला पौड़ी गढ़वाल के ग्राम द्वारी ब्लाक रिखणीखाल, तहसील लैंसडोन निवासी अखिल नेगी पुत्र स्व. राजेंद्र सिंह नेगी 29 सितंबर 2019 को राइफल मैन के पद पर भर्ती हुए थे। वह राजस्थान के उदयपुर में स्थित 19 गढ़वाल राइफल की यूनिट में तैनात थे।
बताया गया कि, जवान को 15 अगस्त को बुखार आने के साथ ही उल्टी दस्त की शिकायत हुई थी। उन्हें उदयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीते कल यानि शनिवार को यूनिट में जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनका निधन हो गया।
आज शहीद जवान का शव नैनीताल जिले के रामनगर के पीरूमदारा बद्री बिहार फेज 3 चंद्रपुर तिवारी में रहने वाले मामा सत्येंद्र रावत के आवास पर लाया गया। जवान बेटे की मौत से मां संगीता देवी भी रिखणीखाल से पीरूमदारा पहुंची। पार्थिव शरीर पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
इसके बाद रामनगर विश्राम घाट में सैन्य सम्मान के साथ शहीद जवान का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद के बड़े भाई आकाश नेगी ने अपने छोटे भाई की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान काफी संख्या में लोग विश्राम घाट पहुंचे थे।