पिथौरागढ़: कश्मीर में पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हुए उत्तराखंड के दोनों जवानों के पार्थिव शरीर आज देवभूमी पहुंच गए हैं। दोनों वीर जवानों को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
पिथौरागढ़ में गंगोलीहाट के 21 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात गंगोलीहाट ब्लॉक के नाली गांव निवासी शहीद नायक शंकर सिंह (31) का पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर से गंगोलीहाट तहसील के दसाईथल हेलीपैड पर लाया गया। यहाँ से सेना के वाहन से उनके घर नाली ले जाया गया। उन्हें सैनिक सम्मान के साथ रामेश्वरम घाट पर अंतिम सलामी दी जायेगी। शहीद शंकर सिंह के माता-पिता, पत्नी और छह साल का बेटा नाली गांव में रहते हैं।
वहीं, मुनस्यारी ब्लॉक के नापड़ गांव निवासी हवलदार गोकर्ण सिंह (41) के पार्थिव शरीर को वायु सेना के हेलीकॉप्टर से मुनस्यारी हेलीपैड लाया गया। जहाँ से सेना के वाहन से उनके पार्थिव शरीर को उनके घर खतेड़ा ले जाया गया। सैन्य सम्मान के साथ नाचनी के रामगंगा घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। शहीद गोकर्ण सिंह का परिवार वर्तमान में बरेली कैंट बंगला नंबर 26 में रहता है। गोकर्ण सिंह के शहीद होने की सूचना के उनकी पत्नी और दो बच्चों को गांव लाया गया।