देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून में 04 दिसंबर को चुनावी रैली है। वहीं इसके बाद PM मोदी 24 दिसंबर को भी कुमाऊं मंडल में भी रैली करेंगे। यह रैली हल्द्वानी या रुद्रपुर में किसी स्थान पर हो सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि मोदी की 24 दिसंबर की कुमाऊं रैली तय हो चुकी है। अब सिर्फ स्थान का चयन करना बाकी है। वहीं इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आदि नेताओं के उत्तराखंड दौरे हो सकते हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 04 दिसंबर की रैली को भाजपा ऐतिहासिक बनाने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी व्यक्तिगत निमंत्रण भी भेजने की तैयारी कर रही है। ये निमंत्रण ऐसे व्यक्तियों को भेजे जाएंगे जो समाज में प्रभाव रखते हैं। कौशिक ने कहा कि, चार दिसंबर को दून के परेड मैदान में मोदी की होने वाली रैली की तैयारियां जोरों पर है। पार्टी के तीनों प्रदेश महामंत्रियों को मोर्चे पर उतारा गया है। रैली में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटेगी। यह रैली ऐतिहासिक होने जा रही है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल कराने के लिए संगठनस्तर पर बैठकें चल रही हैं।
कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए रैली में एहतियात बरतने के सवाल पर कौशिक ने कहा कि प्रदेश में शत प्रतिशत पहली डोज लगाई जा चुकी है और दूसरी डोज पर भी तेजी से अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रैली के दौरान कोविड गाइडलाइन का पूरा ख्याल रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर और साथ में रहने वाले नेताओं और सुरक्षाकिर्मियों की भी आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही उन्हें प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।