देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय संघ के द्विवार्षिक चुनाव में लगातार तीसरी बार दीपक जोशी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। अध्यक्ष पद पर दीपक जोशी और नरेंद्र प्रसाद रतूड़ी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। आखिरकार दीपक जोशी की नौ मतों से जीत हुई। हालांकि महासचिव पद पर राकेश जोशी को मात देकर विमल जोशी ने जीत दर्ज की।
कुल 1089 मतदाताओं में से 1008 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम चार बजे तक मतदान का समय था। इसके बाद शाम 4:30 बजे मतगणना शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के मुताबिक, सचिवालय संघ चुनाव में सुनील कुमार लखेड़ा उपाध्यक्ष और अनिल कुमार उनियाल संयुक्त सचिव चुने गए। बाकी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।
अध्यक्ष पद पर दीपक जोशी को 492, नरेंद्र प्रसाद रतूड़ी को 483 और बलवंत सिंह जयाड़ा को 27 वोट मिले। वहीँ उपाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार लखेड़ा को 641, विजेंद्र सिंह को 191 और अरविंद प्रकाश भट्ट को 164 वोट मिले। इसके अलावा महासचिव पद पर विमल जोशी को 317, राकेश चंद्र जोशी को 279, प्रदीप पपनै को 225 और व्योमकेश दुबे को 180 वोट मिले। वहीं संयुक्त सचिव पद पर अनिल कुमार उनियाल को 564, चंदन सिंह बिष्ट को 504 और शुभम को 486 वोट मिले।