अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ भनोली तहसील मुख्यालय में लिंक रोड पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में वाहन गिरने से पति की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि पत्नी को बीती देर रात नाजुक हालत में चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गई। दुर्घटना का पता लगते ही परिजनों में कोहराम है।
जानकारी के अनुसार, भनोली तहसील, धौलादेवी विकासखंड के भैसाड़ी गांव निवासी जीवन सिंह (उम्र 35) बीती सोमवार को भाई दूज पर अपनी पत्नी गीता देवी (उम्र 31) के साथ कार संख्या यूपी 02 5015 से सिमलखेत क्षेत्र स्थित ससुराल गया था। देर शाम वापस लौटते समय ध्याड़ी से पहले भनोली लिंक रोड पर कालागढ़ बैंड के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब ढाई सौ मीटर नीचे जा गिरी। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना पर राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा। देर रात्रि करीब साढ़े दस बजे कार सवार गीता देवी को तलाश लिया गया। गंभीर रूप से घायल महिला चट्टानों के बीच बेहोश पड़ी थी। जिसके बाद महिला को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। इधर कुछ देर बाद ही जीवन सिंह को भी राहत व बचाव दल ने ढूंढ निकाला। वह पहले ही दम तोड़ चुका था।