देहरादून: उत्तराखंड में देहरादून की शान्त वादियों में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। दरअसल आज सुबह थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि, धौलास क्षेत्र में एक व्यक्ति सुभाष शर्मा ने फोन के माध्यम से कंट्रोल रूम को सूचना दी है कि, आज सुबह से उनके घर में काम करने वाला नौकर राजू नहीं मिल रहा था, जिसकी तलाश के लिए उनकी पत्नी उन्नति शर्मा गई थी, लेकिन उसके बाद से ही दोनों का कोई पता नहीं चल पा रहा है, जिन्हें उसके द्वारा काफी तलाश किया गया पर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
इस सूचना पर थाना प्रेमनगर से चीता पुलिस कर्मचारीगण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश प्रारम्भ की। दौराने तलाश पुलिस टीम को घर के पीछे परिसर में ही गुमशुदा महिला व नौकर का पन्नी से ढके खून से लथपथ शव बरामद हुए, जिसके सम्बन्ध में तत्काल उच्चाधिकारीगणों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने घटना स्थल पर जाकर मौके पर उपस्थित अधिकारियों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की और घटना के अनावरण के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिये गये। मौके पर एफ0एस0एल0 की टीम द्वारा घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र से साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की कार्यवाही की गयी।
पुलिस ने बताया कि, प्रथम दृष्टया दोनो मृतकों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। पुलिस में मौके पर मृतक महिला के पति व आस-पास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों का नाम पता:
1- उन्नति शर्मा पत्नी सुभाष शर्मा निवासी धौलास, थाना प्रेमनगर, देहरादून, उम्र लगभग 55 वर्ष।
2- राजू उर्फ श्याम बहादुर थापा उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष।
Comments 1