रुद्रपुर: उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 02 युवकों की मौत हो गई। जबकि उनका तीसरा साथी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक, बरेली निवासी 17 साल का अमन पुत्र बसंत राम अपनी रिश्तेदारी में केवलगंज गांव आया था। आज यानि मंगलवार की देर शाम अमन सक्सेना अपने रिश्तेदार विक्की (18) पुत्र शरण सिंह निवासी हरिपुरा हरसान बाजपुर और शिवा पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम खटोला नम्बर 2 के साथ बाइक यूपी 25 एएच 2337 से खटोला गांव की ओर जा रहे थे। इसी बीच रामबाग-चरनपुर मार्ग पर ग्राम चंदननगर के पास ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी।
इस दौरान जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीनो युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तीनों को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने अमन और विक्की को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल शिवा को भर्ती कर दिया।
हादसे की जानकारी परिजनों दी गई। इसका पता चलते ही मृतकों के स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे। जहां दोनों शव देखकर कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।