देहरादून: पुलिस विभाग में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। उत्तराखंड पुलिस में जल्द करीब 1800 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने का निर्णय लिया गया। स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
दरअसल, डीजीपी अशोक कुमार के पदभार संभालते ही स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर दिया था। पुलिस के 112 बेड़े में जल्द ही पैट्रोलिंग के लिए 100 स्कार्पियो गाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही आर्म्ड फोर्स के सिपाहियों के कंधे से सदियों पुरानी राइफल को हटाकर अत्याधुनिक इंसास राइफल को शामिल किया जाएगा। स्मार्ट पुलिसिंग के तहत ऐसे ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को गृह सचिव नितेश कुमार झा ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि, प्रमोशन संबंधी सभी अड़चनों को लगभग समाप्त किया जा चुका है। विभाग में सभी संवर्गों में प्रमोशन आगामी जनवरी तक पूरे कर लिए जाएंगे। रेगुलर पुलिस, सशस्त्र पुलिस, फायर सर्विस व पीएसी में रिक्त हेड कांस्टेबल, उप निरीक्षकों व निरीक्षकों के पद जल्द भरे जाएंगे। मार्च 2021 में बड़े स्तर पर सिपाहियों की भर्ती की जानी है। इनमें 1700 से 1800 पदों के लिए भर्ती होगी। साथ ही 50 से 80 पद सब इंस्पेक्टर के हैं। फायरमैन की भर्तियों में महिलाओं को मौका मिलेगा। अभी तक फायरमैन केवल पुरुष होते थे।