पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश का कहर बरप रहा है। प्रदेश के सीमान्त जिले पिथौरागढ़ में एक हफ्ते पहले बारिश से हुई भारी तबाही के मंजर से लोग अभी उभरे भी नहीं थे कि, एक बार फिर जिले में बारिश का कहर बरपा है। पिथौरागढ़ जिले में बंगापानी तहसील के धामी गांव के भ्यौला तोक में भूस्खलन से एक घर मलबे में दब गया। इस हादसे में परिवार के दो सदस्य समेत मवेशी भी लापता हैं।
यह हादसा रविवार रात भारी वर्षा के चलते हुआ। हादसे की जानकारी ग्रामीणों को सुबह मिली। जब गांव वालों ने देखा कि, घर की जगह पर मलबा पसरा हुआ है। इसके बाद ग्रामीण राहत बचाव कार्य में जुटे। साथ ही प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हुए।
वहीं पिथौरागढ़ जिले के ही तहसील तेजम ग्राम गोठी में आज सुबह एक महिला नाले में मलबा आने से दब गई है। बीती रात को क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है।