पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पिथौरागढ़-थल मार्ग में मुवानी के पास एक वाहन दुर्घटना दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में रिटायर ब्रिगेडियर सहित 05 लोगों की मौत हो गई है। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। संचार सेवा ठप होने से इस हादसे का देर से पता चला।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ के बूंगा गांव निवासी ब्रिगेडियर विनोद चंद अपने गांव के परिजन और नेपाल निवासी पुरोहितों के साथ अपने कुलदेवता की मूर्ति और बर्तनों को नहलाने के लिए केदारनाथ गए थे। केदारनाथ में विधि विधान के साथ कार्य सम्पन्न कर वापस लौट रहे थे। वाहन संख्या सीएच 01 एजेड 9744 से सुबह 05 बजे के आसपास जब थल से पिथौरागढ़ की तरफ आ रहे थे। थल से लगभग 12 किमी दूर मुवानी के पास वाहन अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
रामगंगा नदी पार स्थित तहसील बेरीनाग के मायल गांव के ग्रामीणों ने वाहन के गिरने की आवाज सुनी, नाले मेें वाहन की हैडलाइट भी देखी, परंतु संचार सेवा ध्वस्त होने से ग्रामीण इसकी सूचना नहीं दे सके। रामगंगा नदी के दूसरी तरफ स्थित गांव के ग्रामीण पैदल मुवानी पहुंचे और सुबह उन्होंने स्थानीय लोगों को वाहन दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति देखते हुए खुद बचाव कार्य में जुट गए। युवा 10 किमी दूर थल पुलिस थाने गए और पुलिस को दुर्घटना के बारे में बताया। पुलिस, एसडीआरएफ उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस और एसडीआरएफ ने वाहन को कटर से काटा। वाहन में चार लोगों की मौत हो चुकी थी। 03 लोग घायल थे। पुलिस ने तीनों घायलों को निकाला और मुवानी अस्पताल को लाए। घटनास्थल से मात्र डेढ़ किमी दूर अस्पताल पहुंचने तक एक घायल ने दम तोड़ दिया। बुधवार को संचार सेवा भंग होने से बचाव एवं राहत कार्य दुर्घटना के तीन घंटे बाद प्रारंभ हो सका। संचार सेवा बहाल होती तो तत्काल खोज एवं बचाव कार्य चलता और मृतक संख्या कम हो सकती थी।
मृतकों का नाम व पता:
- बिग्रेडियर विनोद चंद पुत्र विक्रम चंद, उम्र 65 वर्ष, निवासी बुंगा, हाल निवासी चिमिस्या नौला पिथौरागढ़।
- नरेंद्र चंद पुत्र कल्याण चंद, निवासी बुंगा पिथौरागढ़।
- दीपक अवस्थी पुत्र शिव दत्त अवस्थी, निवासी पाटन जिला बैतड़ी नेपाल।
- मनमोहन जोशी पुत्र विशन दत्त जोशी, निवासी पाटन सैलड़ नेपाल।
- रघुवीर चंद पुत्र कुंवर चंद, निवासी बुंगा पिथौरागढ़।
घायलों का नाम व पता:
- दीवान चंद, उम्र 68 वर्ष, निवासी बुंगा, पोस्ट आठगांव शिलिंग, जिला पिथौरागढ़।
- बल बहादुर बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट, निवासी पोड़ी पोस्ट पाटन, नेपाल।
बताया जा रहा है कि, वाहन दुर्घटना में हताहत हुए बिग्रेडियर विनोद चंद का परिवार सैन्य पृष्ठभूमि का है। उनके पिता स्व. विक्रम चंद खुद बिग्रेडियर थे। विनोद चंद के बड़े भाई सेना से सेवानिवृत्त कर्नल हैं। छोटा भाई लव चंद सेना में मेजर जनरल हैं। एक भाई जल सेना में था जिसकी पूर्व में ही निधन हो चुका है।