पिथौरागढ़: उत्तराखंड में बारिश का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक बार फिर बारिश का कहर बरपा है। शुक्रवार तड़के जिले के चैसर गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सुबह करीब साढ़े चार बजे एक मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे ने दो बच्चों और उनके पिता की जिंदगी लील ली। जबकि मां गंभीर रूप से घायल है।
हादसे ने ली घर में सो रहे परिवार की तीन जान
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पिथौरागढ़ के विकासखंड विन के चैसर गांव में लगातार हो रही बारिश से खुशाल नाथ का मकान ढह गया। यह हादसा तब हुआ, जब उनका परिवार घर के अन्दर ही सो रहा था। खुशाल नाथ के परिवार को क्या पता था कि शुक्रवार का दिन उनके लिए दर्दनाक साबित होगा। इस भयानक हादसे में खुशाल नाथ (28 वर्ष) के साथ ही उनके 07 वर्षीय पुत्र धनंजय और 05 साल की बेटी निकिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, खुशाल नाथ की पत्नी निधि (उम्र 25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला को मलबे से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
राहत बचाव कार्य कर पहुँचाया अस्पताल
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आरएस रौतेला, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर पहुंचे। टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। शवों को मलबे से बाहर निकाला। साथ ही घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया।
खतरे को देखते हुए अन्य परिवारों को किया शिफ्ट
इस घटना से क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। साथ ही जिले में लगातार बारिश के कहर से लोगों में भी भय का माहौल है। मकान ढहने से भारी मात्रा में छत का मलबा गिरने से पिता और दोनों मासूमों की मौत हुई। जबकि, कमरे में दीवार की ओर सोए होने से महिला बच गई। लेकिन महिला के पैरों में चोट आई है। वहीं एसडीएम तुषार सैनी ने मौका मुआयना किया। खतरे को देखते हुए तीन परिवारों को भी अन्य जगह शिफ्ट कर दिया है।