चमोली: देवभूमि उत्तराखंड के लिए एक बुरी खबर है। गढ़वाल राइफल के नायब सूबेदार का हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। आज अलकनन्दा नदी के किनारे गोमती प्रयाग में उनके पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से शहीद सैनिक को अंतिम विदाई दी। वहीं सैनिक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चमोली जिले में कर्णप्रयाग ब्लॉक के मौली गांव निवासी आनंद सिंह पुण्डीर सेना में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। गढ़वाल राइफल के 21वीं बटालियन के नायब सूबेदार आनंद सिंह पुण्डीर 10 सप्ताह के प्री ड्रिल कैडर के लिए वर्तमान में लैंसडाउन में तैनात थे। अचानक शारीरिक व्यायाम के दौरान उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और वो गिर गए। मौके पर मौजूद साथियों ने आनन-फानन में सूबेदार आनंद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए।
आज शहीद सैनिक को अलकनन्दा नदी के किनारे गोमती प्रयाग में उनके पैतृक पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी। शहीद सैनिक को अंतिम विदाई देने के लिए सैंकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। शहीद अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। शहीद की बेटी रुचि कक्षा 11 और बेटा राहुल कक्षा 9 में पढ़ता है।