देहरादून: कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में शामिल उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त होने पर वित्त व संसदीय कार्यमंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने खुशी जताई है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि, पहली बार उत्तराखंड की झांकी को देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है जो युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच और कुशल कार्यशैली की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब झांकी का विषय चयनित हो रहा था तो मुख्यमंत्री ने ही मानस खंड की झांकी का सुझाव दिया था। यही नहीं जब गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर नई दिल्ली में कलाकार तैयारी कर रहे थे और झांकी का निर्माण हो रहा था तो मुख्यमंत्री ने स्वयं कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और झांकी के निर्माण को लेकर निरीक्षण भी किया। यह बताता है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल मानसखंड की झांकी को लेकर कितने सजीदा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है तब उत्तराखंड के निवासियों ने एक संकल्प लिया था कि राज्य को हर क्षेत्र में प्रथम स्थान लाने का प्रयास किया जाएगा। हमारे राज्य की संस्कृति, लोक कलाएं, देवभूमि, मंदिर, धार्मिक स्थल का अपना ही विशेष महत्व है। धार्मिक पर्यटन हमारे प्रदेश का एक सबसे बड़ा आय का जरिया है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि, प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर उत्तराखंड की इस विशेष झांकी ने देश ही नहीं दुनिया की तरफ अपना ध्यान आकर्षित किया है। सोशल मीडिया में उत्तराखंड की मानसखंड झांकी को सर्वाधिक बार देखा गया।
मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने इस विशेष उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पूरे प्रदेश को लोक कलाकारों को टीम में शामिल हर सदस्य को शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की है।