चमोली: उत्तराखंड में लगातार कुदरत का कहर बरप रहा है। इससे आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई सड़क मार्ग बंद हैं, कई मकानें बारिश के कहर में दफन हो गई, तो कई लोगों और मवेशियों की जान जा चुकी है। अब एक बार फिर चमोली जिले में बारिश का कहर बरपा है। यहां पोखरी के ताली-कंसारी गांव में मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे अतिवृष्टि से एक पंचायत घर क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में जेई की मौत हो गई। जबकि, पांच लोग घायल हो गए।
अत्यधिक बारिश से मकान क्षतिग्रस्त, जेई की मौत
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में पीएमजीएसवाई योजना के तहत ताली-कंसारी सड़क का निर्माण हो रहा था। सभी लोग पंचायत घर में रह रहे थे। अत्यधिक बारिश से मकान के ऊपर भूस्खलन हो गया। जिससे यहां सो रहे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के जेई मयंक सेमवाल (उम्र 24 वर्ष) पुत्र सतीश चंद्र, निवासी बैनोली, तिलवाड़ा, रुद्रप्रयाग मलबे में दबने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में भर्ती किया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में 05 लोग घायल
इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में इलाज चल रहा है।
घायलों की सूची:
- पोकलेंड मशीन ऑपरेटर जयपाल सिंह (31 वर्ष) पुत्र जोगीराम निवासी ग्राम व पोस्ट ऑफिस टिंबी थाना सिलाई जनपद सिरमौर हिमाचल प्रदेश
- जेसीबी ऑपरेटर अनिल सिंह नेगी (25 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी ग्राम नौली पोस्ट ऑफिस कलसिर पोखरी चमोली
- मजदूर रमेश (24 वर्ष) पुत्र चंचल निवासी निवासी बांसगढ़ी जिला वर्धा नेपाल
इसके अलावा दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं।