देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर आम आदमी पार्टी द्वारा ताल ठोकने के बाद AAP का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब पूर्व निर्वाचन आयुक्त सुबर्धन शाह व पूर्व आइपीएस अनंत चौहान ने आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों पूर्व नौकरशाह को सदस्यता दिलाई।
आप उत्तराखंड के प्रभारी दिनेश मोहनिया ने बताया कि, तीन दिन पहले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कपरवाण ने दिल्ली में आप की सदस्यता ग्रहण की है। इसके बाद गुरुवार को उत्तराखंड के पूर्व निर्वाचन आयुक्त सुबर्धन शाह और पूर्व आइपीएस अनंत राम चौहान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर आप पार्टी का दामन थामा।
मोहनिया ने कहा कि, इन दोनों ही अफसरों ने प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में अपनी सेवाएं दी हैं। यहां की समस्याएं दोनों अधिकारी बहुत अच्छे से जानते और समझते हैं। पार्टी को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। आगे भी कई ऐसे लोग हैं, जो पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में उत्तराखंड में स्थापित करना चाहते हैं।