देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। 23 सितम्बर को होने वाले विधानसभा मॉनसून सत्र से पहले कई विधायक कोरोना की चपेट में हैं। अब वन मंत्री हरक सिंह रावत, राज्यमंत्री धन सिंह रावत और खटीमा विधायक पुष्कर धामी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
मंगलवार को कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद इसलिए भी हड़कम्प मच गया कि, वह सत्र से एक दिन पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र संग एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश भी कोरोना संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी अनुपस्थिति में सदन में अहम भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के उप नेता सदन करण माहरा की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विधानसभा अध्यक्ष भी कोरोना पॉजिटिव हैं। अब मुख्यमंत्री के भी कोरोना पॉजिटिव मंत्री के साथ शामिल होने से और भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
बता दें कि, विस सत्र शुरू होने से पहले सभी मंत्री, विधायकों और कर्मचारियों का कोरोना की आरटी-पीसीआर जांच कराना तय किया गया था। इसमे कई विधायकों, मंत्रियों और कार्मिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, मंगलवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान समेत नौ विधायकों और चार मंत्रियों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।