नैनीताल: उत्तराखंड पुलिस में कॉन्स्टेबल के 1536 पदों पर भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेज चुका है। इन पदों पर पुलिस जवानों की भर्ती के लिए यूकेएसएसएससी द्वारा विज्ञप्ति जारी की जाएगी। वहीं इसको लेकर नैनीताल दौरे पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने जानकारी दी।
डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि, उत्तराखंड पुलिसिंग को मॉडर्न और स्मार्ट पुलिस बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, जल्द ही 1536 पदों पर सिपाहियों की भर्ती होने जा रही है। सिपाहियों की भर्ती के बाद पुलिस बल पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। उत्तराखंड में जवानों की कमी है, जिसके चलते सिपाहियों को छुट्टी नहीं मिल पाती। जिससे जवानों पर दबाव पड़ता है। पुलिस जवानों पर शारीरिक व मानसिक दबाव ना पड़े, इसको लेकर विस्तृत कार्य योजना योजना बन रही है।
डीजीपी अशोक कुमार ने नैनीताल जिले के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले के आपदाग्रस्त रामगढ़, खैरना और गरमपानी सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जिसके बाद वह नैनीताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान 65 हजार लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पुलिस द्वारा रोका गया। अगर सही समय पर कदम नहीं उठाए गए होते तो मृतकों की संख्या बढ़ सकती थी। अभी भी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
DGP ने कहा कि, आपदा में पुलिस टीम द्वारा बेहतर कार्य किए गए हैं। पुलिस की सतर्कता के चलते सैकड़ों लोगों की जानें बच गई। डीजीपी ने कहा कि आपदा के दौरान बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्कृष्ट मेडल से सम्मानित किया जाएगा।