देहरादून: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते प्रदेश के अधिक प्रभावित जिलों में साप्ताहिक लॉकडाउन लागू किया गया था। पिछले वीकएंड पर त्यौहार के चलते लॉकडाउन को स्थगित किया गया था। लेकिन अब राजधानी देहरादून में इस बार शनिवार और रविवार को लॉकडाउन नहीं रहेगा। देहरादून में रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी और शनिवार को किसी भी तरह का लॉकडाउन नहीं होगा।
लॉकडाउन नहीं, केवल साप्ताहिक बंदी
जिलाधिकारी देहरादून आशीष कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि, पिछली बार की तरह इस बार शनिवार और रविवार को लॉकडाउन नहीं किया जा रहा है। अब पुराने समय से चले आ रहे साप्ताहिक बंदी को ही लागू किया जाएगा। यानी सप्ताह में केवल एक दिन बाजार बंद रहने की जो पुरानी व्यवस्थाएं थी, वही लागू रहेगी। साप्ताहिक बंदी के दौरान केवल बाजार बंद रहेंगे, लोगों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में साप्ताहिक लॉकडाउन पर फैसला बैठक के बाद
वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि, शनिवार और रविवार को लॉकडाउन पर निर्णय अधिकारियों के साथ हालात पर चर्चा करने के बाद फैसला लिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री ने इस मसले पर बैठक बुलाई है। मैदानी जिलों में साप्ताहिक लॉकडाउन पर अंतिम फैसला बैठक में लिया जाएगा।
सरकारी कर्मचारियों को देना होगी मेहमानों की जानकारी
इसके आलावा देहरादून में कार्य कर रहे सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों को अपने घर आने वाले बाहरी मेहमानों की जानकारी प्रशासन को देनी होगी। कोविड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। इससे जिला प्रशासन बाहर से आने वाले लोगों के स्टेट को लेकर जानकारियां जुटा सकेगा।
देहरादून जिले में साप्ताहिक बंदी के दिन
ऐसे में अब देहरादून जिले में तहसील क्षेत्रवार बाजार बंदी का दिन जो पहले से तय किया गया, वही लागू होगा। बाजार बंदी के दिन आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहेंगी। आवाजाही पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं रहेगा।
बाजार में सप्ताहिक बंदी का तय दिन
क्षेत्र दिन
- दून शहर, पास के दोनों कैंट बोर्ड एरिया रविवार
- ऋषिकेश गुरुवार
- डोईवाला रविवार
- मसूरी बुधवार
- विकासनगर शनिवार
- चकराता बुधवार
- कालसी-सहिया शनिवार
- त्यूणी रविवार