देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस को आज एक और झटका लगने जा रहा है। भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के एक और विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। उत्तरकाशी जिले की पुरोला सीट से कांग्रेस विधायक राजकुमार आज दिल्ली में भाजपा में शामिल होंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे के दौरान विधायक की ज्वाइनिंग के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।
वहीं इससे पहले शनिवार को ही राजकुमार भाजपा में शामिल होने वाले थे, लेकिन उनकी ज्वाइनिंग टल गई थी। बताया जा रहा है कि, विधायक ने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के सामने देहरादून की एक सीट से टिकट देने की शर्त रखी थी, जिस कारण ऐसा हुआ था।
बता दें कि, विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा धनौल्टी विधानसभा के विधायक प्रीतम सिंह पंवार को पहले ही पार्टी में शामिल करा चुकी है। वहीं भाजपा ने निष्कासितों के लिए भी दरवाजे खोल दिए हैं। पिछले वर्षों में विभिन्न कारणों निष्कासित हुए करीब 200 नेताओं को पार्टी बिना सशर्त वापस लेगी। हालांकि पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को कम से कम दो साल तक पार्टी का कोई पद नहीं दिया जाएगा।