देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कैबिनेट विस्तार को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को कैबिनेट विस्तार करने की हरी झंडी हाईकमान ने दे दी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कैबिनेट विस्तार को गुंजाइश करार दिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से जब मीडिया कर्मियों ने सवाल किया तो मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कैबिनेट विस्तार की पूरी गुंजाइश होने की बात कही। मुख्यमंत्री के इस बयान से समझा जा सकता है, कि मुख्यमंत्री भी अब कैबिनेट विस्तार करने के पक्ष में हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बजट सत्र से पहले भी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।
गौरतलब है कि, कैबिनेट गठन के समय से ही मंत्रियों के दो पद खाली चल रहे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद से मंत्रियों के खाली पदों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। इससे पहले भाजपा कोर कमेटी की बैठक में कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री के विवेक पर छोड़ दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कैबिनेट विस्तार की संभावना के संकेत दिए थे, लेकिन कैबिनेट विस्तार से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा करने की बात कही थी।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री रावत को छोड़कर 6 कैबिनेट मंत्री सतपाल महराज, सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और अरविंद पांडेय शामिल हैं। वहीं रेखा आर्य और धन सिंह रावत दो राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं।
वहीं मुख्यमंत्री के संकेत के साथ ही मंत्री पद को लेकर बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, कपकोट विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और पिथौरागढ़ विधायक चंद्रा पंत का नाम चर्चाओं में है।