चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां थराली में कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी हालात को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक कार थराली से लोल्टी जा रही थी। अचानक बैनोली से 200 मी आगे अचनाक अनियंत्रित होकर सड़क सेनीचे 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति का रेस्क्यू कर 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली भिजवाया।
थानाध्यक्ष थराली ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि, हादसे में कार चालक विजय सिंह नेगी पुत्र राजेन्द्र सिंह नेगी, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिमलखेत थाना चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ शिल्पा ने बताया कि, घायल व्यक्ति को 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया था। घायल व्यक्ति के सिर पैर और हाथ में गंभीर चोटें आयी हैं। हादसे के कारणों का पता नहीं लग पाया है।