चमोली: उत्तराखंड के चमोली में एक कार दुर्घटना हुई है। यह हादसा बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के चाडा तोक में हुआ। शनिवार को देर शाम हुई दुर्घटना के बाद से 2 दिन बाद भी रेस्क्यू नहीं हो सका है। यहां एक चट्टान पर दो शवों के होने की पुष्टि हुई, लेकिन आवाजाही के लिये रास्ता न होने से शवों को पूरे दिनभर रेस्क्यू नहीं किया जा सका। अंधेरा होने के बाद दूसरे दिन भी शवों को चट्टान से नहीं निकाला जा सका है।
वाहन के नम्बर प्लेट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर स्थानीय लोगों और पार्टी पदाधिकारियों की ओर से वाहन दुर्घटना में पूर्व बीकेटीसी अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल (64) पुत्र कमला प्रसाद थपलियाल व कुलदीप चौहान (42) पुत्र अब्बल सिंह चौहान की मृत्यु की बात कही गई है। जबकि पुलिस और प्रशासन की ओर से शवों के रेस्क्यू होने के बाद पहचान करने की बात कही जा रही है।
वहीं हादसे में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष और बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल और भाजपा ओबीसी मोर्चा चमोली के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह चौहान की मौत के खबर के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी और थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह समेत अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि, “पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा चमोली, निवर्तमान बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष तथा वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य श्री मोहन प्रसाद थपलियाल जी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा चमोली के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह चौहान जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को संबल दें। दुःख की इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं।”