Uttarakhand Police Recruitment 2021 -2022 /देहरादून: उत्तराखण्ड पुलिस में कांस्टेबल (Constable recruitment 2021 ) और सब इंस्पेक्टर ( si recruitment 2021 ) के पदों पर जल्द विज्ञप्ति जारी होने जा रही है। हालांकि इन दोनों भर्तियों को लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को पहले ही अधियाचन भेजा जा चुका है। वहीं अब आरक्षी संवर्ग के 1521 और उपनिरीक्षक/गुलनायक संवर्ग के 197 पदों पर भर्ती किये जाने हेतु उत्तराखण्ड शासन ने अनुमति प्रदान कर दी है।
जारी आदेश में पुलिस भर्ती को लेकर शासन से अनुमति दिए जाने और आवश्यक कार्यवाही के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) और सचिव उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को कहा गया है। ऐसे में भर्ती को लेकर जल्द विज्ञप्ति जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि चुनाव नजदीक होने के चलते प्रदेश में जल्द आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। ऐसे में शारीरिक और लिखित परीक्षा वाली इस भर्ती को चुनाव से पहले पूरा कराना आयोग के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसको देखते हुए कम ही संभावना है कि चुनाव से पहले यह भर्ती संपन्न हो पाएगी।
वहीं करीब 5 से 6 साल बाद होने जा रही पुलिस भर्ती में आयु सीमा को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। बता दें कि, लंबे समय बाद हो रही पुलिस भर्ती में बेरोजगार युवा लगातार अधिकतम आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे हैं। हालांकि आयोग के सचिव ने इस को लेकर संवाद भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने उम्र सीमा में छूट पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले शासन से दिशा निर्देश मांगे हैं। लेकिन आज जारी हुए आदेश में भर्ती की उम्र सीमा का जिक्र नहीं किया गया है।
अगर दरोगा भर्ती में अधिकतम उम्र सीमा में कोई परिवर्तन नहीं होता है तो उम्र सीमा 21 साल से 28 साल तक रहेगी और वर्तमान में कोरोना के कारण सभी भर्तियों में दी जा रही 1 साल की अतिरिक्त छूट के बाद अधिकतम आयु सीमा 29 साल हो जाएगी। वही आरक्षित वर्ग को 5 साल की अतिरिक्त छूट लागू रहेगी। सिपाही भर्ती में भी एक साल की छूट के बाद आयु सीमा 18 से 23 साल होगी और आरक्षित वर्ग को 5 साल की अतिरिक्त छूट लागू रहेगी।
बता दें कि, बीते कल यानि 17 दिसम्बर को पुलिस भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने की मांग को लेकर बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। देवभूमि बेरोजगार मंच के बैनर तले प्रदेश भर के युवा परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास के लिए निकले। हाथीबड़कला बैरिकेडिंग पर पुलिस ने रोका तो बेरोजगारों की नोकझोंक हो गई। इसके बाद वहीं धरने पर बैठ गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पीआरओ राजेश सेठी ने मौके पर पहुंचकर बेरोजगारों की मांग सुनी।
इस दौरान पीआरओ ने 02 दिन के भीतर मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन दिया। मंच के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा बेरोजगार लंबे समय से आंदोलनरत हैं, बावजूद शासन स्तर पर कार्रवाई नहीं की जा रही। कहा मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विनोद कुमार, रंजीत सिंह, विवेक रावत, ऋषभ, मनीष श्रीवास्तव, राहुल नेगी आदि मौजूद रहे।
Uttarakhand Police Recruitment 2021
https://twitter.com/bharat_jan?t=j1ELoon7QUJ3YqApMB6Z8A&s=09