देहरादून: उत्तराखंड भाजपा से बड़ी खबर है। प्रदेश की राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने पांच दावेदारों के नाम पार्टी हाईकमान को भेज दिए हैं। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने दी है।
बंशीधर भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार और कई सांसदों की रायशुमारी के बाद 5 नाम तय किए गए हैं। पांचों दावेदारों के नाम हाईकमान को भेज दिए गए हैं। इनमे भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी महेंद्र पांडेय, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, पूर्व सांसद बलराज पासी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल और राज्यमंत्री नरेश बंसल का नाम राज्यसभा के उम्मीदवार के लिए भेजा गया है। अब पार्टी हाईकमान उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा।
बता दें कि, उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद राजबब्बर का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। 27 अक्तूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। ऐसे में अब भाजपा को अगले दो दिन में दावेदार घोषित करना होगा।