रुद्रप्रयाग: कोरोना महामारी के खिलाफ पूरा देश जंग लड़ रहा है। सभी अपनी ओर से इसमें पूरा सहयोग कर रहे हैं। वहीं अब रुद्रप्रयाग की एक बुजुर्ग महिला दर्शनी देवी ने पीएम केयर फंड में दो लाख का दान देकर एक नई मिसाल पेश की है।
बुजुर्ग महिला ने अधिशासी अधिकारी नगरपंचायत अगस्त्यमुनि हरेंद्र चौहान को इस राशि का ड्राफ्ट सौंपा। दर्शनी देवी के पति स्वर्गीय कबोत्र सिंह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात थे। उन्होंने भी देश के लिए अपनी शहादत दी। वह साल 1965 में देश के लिए शहीद हो गये थे। अब शहीद की पत्नी दर्शनी देवी ने कोरोना से जंग के खिलाफ एक बड़ी राशि दान दी है।
ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: उत्तराखंड में फिर 2 कोरोना पॉजिटिव, 80 पहुंचा आंकड़ा
बता दें कि, अब तक पहाड़ से कई महिलाओं के दान की खबर चर्चा का विषय बनी हैं। चमोली जिले के गौचर की बुजुर्ग महिला देवकी भंडारी ने तो अपनी जिंदगीभर की जमापूंजी 10 लाख रुपये की राशि दान की थी, जिनकी तारीफ़ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी की थी। अब एक और दानवीर बुजुर्ग महिला दर्शनी देवी की भी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। जिन लोगों तक भी यह जानकारी पहुंच रही है, वह सभी उन्हें सलाम कर रहे हैं।
Discussion about this post