देहरादून: उत्तराखंड का एक जवान शहीद हो गया है। जम्मू-कश्मीर में सीमा पर तैनात पौड़ी जिले के जयवीर सिंह नेगी देश पर कुर्बान हो गए। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी जवान को श्रद्धांजलि दी है। मुख्मंत्री ने लिखा कि, “मूल रूप से थलीसैंण निवासी, 19 गढ़वाल राइफल्स के जवान जयवीर सिंह नेगी जी के निधन पर गहरा दुख है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करे।“
जानकारी के अनुसार, 32 साल के शाही जयवीर सिंह नेगी पिछले दो साल से जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात जवान की शहादत की खबर के बाद से उनके गाँव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। पौड़ी के रंगून, थलिसैण के मूल निवासी जयवीर सिंह का परिवार वर्तमान में उधमसिंह नगर के काशीपुर में रहता है। बताया जा रहा है कि शहीद जयवीर सिंह नेगी चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह 2006 में गढ़वाल राइफल्स की 19वीं बटालियन में भर्ती हुए थे।