उत्तरकाशी: उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के सीएम पद का चेहरा बने कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तरकाशी में ये ऐलान किया है। मनीष सिसोदिया ने बुधवार को पहाड़ पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आज उत्तराखंड में बड़ा विकल्प है।
वहीं गंगोत्री विधान सभा सीट के मिथक को लेकर आम आदमी पार्टी गंभीर है। इस सीट को लेकर मिथक है कि जिस पार्टी का इस सीट पर कब्जा होता है प्रदेश में उसी की सरकार बनती है। इसीलिए माना जा रहा है कि, मनीष सिसोदिया पहाड़ में चुनावी अभियान की शुरुआत गंगोत्री सीट से कर रहे हैं और यह भी माना जा रहा है कि, इसीलिए कर्नल कोठियाल के गंगोत्री से चुनाव लड़ने की विधिवत घोषणा की गई है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि, गंगोत्री सीट का इतिहास है, जो विधायक यहां से जीतता है उसकी ही सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि, गंगोत्री के लोगों के लिए आज बहुत बड़ी खुशखबरी है। क्योंकि कर्नल कोठियाल जैसा विकल्प आम आदमी पार्टी ने उत्तरकाशी की जनता को दिया है।
प्रदेश में चुनाव नजदीक आते ही चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा-कांग्रेस समेत सभी दलों ने जनता को अपनी ओर करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। आम आदमी पार्टी भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही वजह है कि समय-समय पर उत्तराखंड के दौरे पर आकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आमजन को साधने में जुटे हुए हैं। सिसोदिया ने कहा कि, उत्तराखंड की जनता खुद को 20 सालों से ठगा महसूस कर रही है। यहां के लोगों के बारे में किसी भी राजनैतिक दल ने आज तक नहीं सोचा है। पहाड़ों में स्थिति बहुत खराब है।