नई दिल्ली: लुटियंस इलाके का बंगला जो इस समय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पास है, वह उनके बाद भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को मिलेगा। प्रियंका गांधी को एक अगस्त तक यह बंगला खाली करना है। एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने के कारण प्रियंका गांधी को यह बंगला खाली करना पड़ेगा।
ऐसे में प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने सरकारी बंगले को खाली करने से पहले अनिल बलूनी (Anil Baluni) को पत्नी के साथ चाय पर आमंत्रित किया। साथ ही प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘आज अनिल बलूनी और उनकी पत्नी से बात हुई। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हूं। उन्हें नए घर की शुभकामनाएं देते हुए आशा करती हूं कि उन्हें भी इस घर में उतनी ही ख़ुशियां मिले जितनी मुझे और मेरे परिवार को मिलीं।
अब अनिल बलूनी ने प्रियंका गांधी के आमन्त्रण का पत्र लिखकर जवाब दिया है। अनिल बलूनी ने प्रियंका गांधी को लिखे पत्र में कहा, ‘चाय का निमंत्रण मिला, लेकिन अभी नहीं आ सकता। कैंसर के इलाज के बाद घर वापस आया हूं। अभी डॉक्टरों ने घर पर ही रहने को कहा है।
इसके साथ ही अनिल बलूनी ने 35, लोधी ऐस्टेट पर जाने के बाद प्रियंका को घर पर सपरिवार भोजन के लिए आमंत्रित किया है। उन्होने प्रियंका गांधी को उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन खिलाने की भी पेशकश की है, वह प्रियंका गाँधी को मंडुवे की रोटी, झंगोरे का खीर, भट्ट की चुठकनी का रसास्वादन कराएंगे। बलूनी ने चाय के निमंत्रण के लिए प्रियंका गाँधी का आभार भी जताया है।
बता दें कि, यह बंगला प्रियंका गांधी को 21 फरवरी, 1997 को आवंटित किया गया था, क्योंकि उस वक्त उन्हें एसपीजी सुरक्षा मिली हुई थी। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि, SPG सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्हें मौजूदा आवास ’35 लोधी एस्टेट’ खाली करना पड़ेगा, क्योंकि जेड प्लस की श्रेणी वाली सुरक्षा में आवास सुविधा नहीं मिलती।