देहरादून: उत्तराखंड शासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए दो अपर निजी सचिव को निलंबित कर दिया है। यह दोनों उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में हवालात में हैं। राज्य कर्मचारियों की आचरण नियमावली के उल्लंघन के चलते अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निलंबन आदेश जारी किया है।
निलंबित कर्मचारी:
- गौरव कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह, अपर निजी सचिव (अस्थाई रूप से कार्यरत) उत्तराखंड सचिवालय; निवासी कासमपुर, जसपुर, उधम सिंह नगर
- सूर्य प्रताप सिंह पुत्र संजय सिंह राणा, अपर निजी सचिव (अस्थाई रूप से कार्यरत), उत्तराखंड सचिवालय; निवासी ग्राम निवाड़ मंडी, थाना व पोस्ट जसपुर, उधम सिंह नगर।
UKSSSC Paper Leak मामले में उत्तराखंड सचिवालय के दो अपर निजी सचिव निलंबित pic.twitter.com/j8uvpjf13s
— BharatJan भारतजन (@bharat_jan) August 23, 2022
आपको बता दें कि, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 900 से ज्यादा पदों के लिए स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इसका रिजल्ट आते ही इसमें धांधली कर कई अभ्यर्थियों के गलत तरीके से चयनित होने के आरोप लगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने इसके जांच के आदेश दिए थे, जिसकी जांच वर्तमान में एसटीएफ कर रही है, जिसमे अब तक 22 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमे शिक्षक, पुलिसकर्मी, नेता, कोर्टकर्मी, एनजीओ संचालक समेत अन्य लोग शामिल हैं। जांच में अब तक 83 लाख रुपए की धनराशि और कई संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली है। एसटीएफ ने केंद्रीय एजेंसी ईडी (ED) से भी इसकी जानकारी साझा की है। इसकी जांच अभी जारी है।
अपर निजी सचिव गौरव चौहान और सूर्य प्रताप को बयान के लिए कार्यालय बुलाया गया। इनके बयान दर्ज करने के बाद पूछताछ में एसटीएफ के हाथ पुख्ता सबूत लगे, जिसके बाद गिरफ्तारी हुई।