बंगलूरू: कर्नाटक से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता अशोक गास्ती का गुरुवार को बेंगलुरु में आकस्मिक निधन हो गया। उनकी कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें 2 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गास्ती को बंगलूरू के मणिपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बता दें कि, अशोक गास्ती ने इस साल 22 जुलाई को ही राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी।
भाजपा नेता के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने शोक जताया और परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
https://twitter.com/ombirlakota/status/1306552355442155520?s=20
राज्यसभा सभापति एम वेंकैया नायडू ने अशोक गास्ती के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एम वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर लिखा है कि, ‘राज्य सभा के नव निर्वाचित सदस्य श्री अशोक गस्ती जी के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं। उनके शोक संतप्त परिजनों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रार्थना करता हूं ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे। ओम शान्ति।’
कर्नाटक के रायचूर जिले में बीजेपी को संगठिन और मजबूत बनाने का श्रेय गास्ती को दिया जाता है। गास्ती 18 साल के थे, तभी उन्होंने बीजेपी ज्वाइन की थी और कर्नाटक बीजेपी के युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके थे।
इससे पहले बीते कल आंध्र प्रदेश में तिरुपति के सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद राव का बुधवार शाम चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था।