देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने मानसून की विदाई की घोषणा कर दी है।
प्रदेश में इस साल मानसून करीब 08 दिन पहले आया और 08 दिन ही देरी से लौटा। मानसून सीजन में इस बार राज्य में बारिश सामान्य रही। मानसून अवधि के बाद का मौसम पोस्ट मानसून सीजन में गिना जाता है। इस दौरान हुई बारिश पोस्ट मानसून में दर्ज होगी। पोस्ट मानसून की अवधि 01 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक मानी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी सीमा द्वारिका, मेहसाणा, उदयपुर, कोटा, ग्वालियर, हरदोई से होकर गुजर रहा है। मानसून वापसी की शुरुआत 06 सितंबर को राजस्थान से होने लगी थी। उत्तराखंड में 20 जून के बाद मानसून की एंट्री होती है। इस बार 13 जून को ही मानसून आ गया था।
देहरादून स्थित मौसम विभाग केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अब राज्य में फिलहाल 12 अक्तूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मानसून जाते-जाते भी पिछले 08 दिनों में अच्छी बारिश दे गया। राज्य में कुल मिलाकर पिछले आठ दिनों में 41 फीसदी अधिक बारिश हुई।
प्रदेश में पूरे 04 महीने मानसून की अवधि में कुल 1,154 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य रूप से 1,177 एमएम के आसपास ही है। इसे सामान्य स्थिति माना जाता है।