उज्जैन (Bharatjan): कानपुर के बिकरू में हुए शूटआउट का मुख्य आरोपी विकास दुबे (Vikas Dubey) को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आठ पुलिसकर्मियों के हत्यारोपी विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया। ये भी बताया जा रहा है कि, विकास महाकाल मंदिर परिसर में पहुंचा और चिल्लाने लगा कि मैं विकास दुबे हूं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विकास दुबे (Vikas Dubey) महाकालेश्वर मंदिर पहुंचा और सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर विकास दुबे ने मंदिर के सामने अपना नाम चिल्लाया। मौके पर स्थानीय मीडिया को भी बुला लिया गया था। स्थानीय मीडिया के साथ ही स्थानीय पुलिस भी महाकालेश्वर मंदिर के सामने पहुंची और विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया। दुबे ने सुनियोजित तरीके से आत्मसमर्पण किया है।
गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। अब एमपी पुलिस उसे यूपी पुलिस को सौंपने की तैयारी में है। यह जानकारी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई है।
अबतक विकास दुबे के पांच करीबी साथी पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं जबकि दो अन्य साथी दयाशंकर कल्लू और श्यामू वाजपेयी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए साथियों के नाम हैं- प्रेम प्रकाश (विकास दुबे का मामा), अतुल दुबे (विकास दुबे का भतीजा), अमर दुबे (विकास दुबे का राइड हैंड), प्रभात और प्रवीण उर्फ बउवा।
बता दें कि, विकास दुबे पर आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप है। कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके आदमियों ने हमला कर दिया था, जिसमें आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इसके बाद से विकास दुबे फरार था और यूपी पुलिस उसको ढूंढने में लगी थी।
भारतजन यूट्यूब चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।