देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून में एक फर्जी फौजी को मिलिट्री इंटेलिजेंस और प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह खुद को सेना पुलिस का अधिकारी बताकर घूम रहा था। आरोपित के पास से फर्जी कैंटीन कार्ड, सेना की वर्दी, कई बटालियनों की टोपी और कई फर्जी डॉयमेंट्स बरामद किए गए हैं।
उत्तराखंड में फर्जी फौजी गिरफ्तार, IMA और अन्य आर्मी इलाकों के आसपास घूमकर देता था सेना में भर्ती करवाने का झांसा#देहरादून #Dehradun pic.twitter.com/CQdBRfs7eR
— BharatJan भारतजन (@bharat_jan) October 6, 2021
खुद को आर्मी का जवान बताने वाला यह व्यक्ति सोशल मीडिया पर भी सेना की वर्दी पहनकर वीडियो बनाता था, जो खूब वायरल भी हैं।
पकड़ा गया आरोपित दिल्ली ट्रेनिंग सेंटर और देहरादून से लेकर जोशीमठ आर्मी क्षेत्र में खुद को सेना का जवान बताकर घूमता दिखा था। युवक पर मिलिट्री इंटेलिजेंस की लंबे समय से नजर थी।
आरोपित सुनील कुमार मूल रूप से हनुमानगढ़, राजस्थान का रहने वाला है। देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के पास सेना का जवान बनकर घूम रहे इस बहरूपिये सुनील को आर्मी इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिफ्तार किया है।
गिरफ्तार हुए बहरूपिये ने विंग कमांडर अभिनंदन जैसी मूछें रखी हुई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के तार फर्जी भर्ती करवाने वाले गिरोह से भी जुड़े हैं। सुनील आईएमए और अन्य आर्मी इलाकों के आसपास घूमकर युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा देता था।
एसपी सिटी सरिता डोभाल ने बताया कि, आर्मी इंटेलिजेंस ने आरोपी से कई घंटों पूछताछ की। जिसमें गिरोह के अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली। जिसके बाद टीम जौलीग्रांट इलाके में सक्रिय बहरूपियों के बारे में मिले इनपुट पर कार्रवाई करने के लिए रवाना हुई है।